- गणतंत्र दिवस के पूर्वाभ्यास के कारण दिल्ली में 19 से 26 जनवरी तक रोजाना 145 मिनट का क्लोजर रहेगा। इस दौरान सुबह 10:20 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे(आईजीआई) पर उड़ानें प्रभावित होंगी। दिल्ली के हवाई क्षेत्र से कोई भी विमान न तो आ सकेगा और न ही जा सकेगा। दिल्ली से रोजाना 10.45 बजे पूर्णिया की उड़ान भरने वाली टाटा इंडिगो की एयर बस भी कैंसल रहेगी। आठ दिनों तक न तो दिल्ली से फ्लाइट पूर्णिया आयेगी और न ही पूर्णिया से दिल्ली जायेगी। इसके चलते दिल्ली-पूर्णिया-दिल्ली की कुल 16 उड़ानें प्रभावित रहेंगी।
टाटा इंडिगो ने पूर्णिया-दिल्ली फ्लाइट के लिए 19 से 26 जनवरी तक टिकट की बुकिंग बंद कर दी है। पूर्णिया एयरपोर्ट के डायरेक्टर डीपी गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में गणतंत्र दिवस के पूर्वाभ्यास के कारण 19 से 26 जनवरी तक एयर क्लोजर है। इस दौरान दिल्ली के अलावा बांकी रुट पर चलने वाले फ्लाइट का परिचालन पूर्ववत होता रहेगा।
शुक्रवार को दिल्ली में खराब मौसम, सिक्योरिटी चेक के बाद भी यात्री नहीं भर पाये उड़ान : — -शुक्रवार को दिल्ली में धुंध के चलते पूर्णिया आने वाली फ्लाइट सिक्योरिटी चेक के बाद भी उड़ान नहीं भर पायी। फ्लाइट कैंसल कर दी गयी। इसके तलत पूर्णिया हवाई अड्डा पर दिल्ली जाने वाले यात्री फ्लाइट आने का इंतजार करते रह गये। यात्रियों ने इस पर नाराजगी भी जताई। टाटा इंडिगो के अधिकारियों की पहल के बाद कुछ यात्रियों को कोलकाता तो कुछ को हैदराबाद होकर दिल्ली भेजा गया। कुछ यात्री को बागडोगरा से फ्लाइट की सुविधा दी गयी। शेष यात्रियों को शनिवार को पूर्णिया से दिल्ली के लिए रवाना किया जायेगा। एयरपोर्ट डायरेक्टर ने बताया कि दिल्ली में खराब मौसम के कारण दिल्ली से फ्लाइट सिक्योरिटी चेक के बाद भी पूर्णिया के लिए उड़ान नहीं भर पायी।
आठ फ्लाइट का परिचालन : 691 यात्रियों का आवागमन —पूर्णिया हवाई अड्डा से शुक्रवार को आठ फ्लाइट का परिचालन हुआ। कुल 691 यात्रियों का आवागमन हुआ। चार विमानों का आगमन हुआ। इससे 306 यात्री आये। चार फ्लाइट रवाना हुई इससे कुल 385 यात्री रवाना हुए। एयरपोर्ट डायरेक्टर डीपी गुप्ता ने बताया कि आज दिल्ली की फ्लाइट कैंसिल रही। हैदराबाद, कोलकाता एवं अहमदाबाद के लिए फ्लाइट ससमय रवाना हुई।
