भारत-नेपाल सीमा के पास बीरगंज और धनुषा में सोशल मीडिया पर वायरल आपत्तिजनक वीडियो के बाद सांप्रदायिक तनाव फैल गया. प्रदर्शन हिंसक होने पर पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े. मस्जिद में तोड़फोड़ और वीडियो पोस्ट करने के आरोप में तीन लोग हिरासत में लिए गए हैं. झड़पों में सात पुलिसकर्मी घायल हुए हैं .
भारत-नेपाल सीमा से सटे इलाकों में रविवार को सांप्रदायिक तनाव फैल गया, जिसके बाद पुलिस को हालात काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े. यह तनाव सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो से शुरू हुआ, जिसमें आपत्तिजनक धार्मिक सामग्री होने का आरोप लगाया गया.
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक घटना का असर दक्षिणी नेपाल के बीरगंज और धनुषा जिला में देखा गया. बीरगंज भारत के रक्सौल सीमा से सटा हुआ है, वहां स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब धनुषा जिले में एक मस्जिद में तोड़फोड़ के विरोध में प्रदर्शन शुरू हुआ.
